Kanpur। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच एक महिला उस व्यक्ति की साजिश का शिकार हो गई, जिस पर उसने रिश्तेदार होने के नाते भरोसा किया था। आरोप है कि होने वाले दामाद के बड़े भाई ने पहले महिला को कपड़े खरीदने के बहाने अपने कमरे पर बुलाया, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।

इतना ही नहीं, उसने आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर महिला को लंबे समय तक ब्लैकमेल किया। आखिरकार जब अत्याचार की हद पार हो गई तो महिला ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शादी की तैयारियों के बीच बुलाया कमरे पर
मांगलपुर क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की शादी 24 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियों के चलते घर में खुशी का माहौल था। इसी दौरान होने वाले दामाद के बड़े भाई जीतपाल ने फोन कर कहा कि शादी के लिए कुछ कपड़े खरीदने हैं और इस संबंध में बातचीत करनी है। उसने महिला को कल्याणपुर स्थित अपने कमरे पर बुला लिया।
कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
महिला के मुताबिक कमरे पर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे कोल्ड्रिंक पीने के लिए दी। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए। होश आने पर महिला ने विरोध जताया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने और बेटी की शादी तुड़वा देने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया।
वीडियो के दम पर करता रहा ब्लैकमेल
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने बनाई गई वीडियो और तस्वीरों को हथियार बना लिया। वह बार-बार उन्हें वायरल करने की धमकी देता रहा। बदनामी और बेटी का रिश्ता टूटने के डर से महिला किसी से कुछ नहीं कह सकी। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा।
शादी के बाद खोला राज
महिला ने बताया कि बेटी की शादी संपन्न होने के बाद भी आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। सच्चाई सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद छह मई को महिला अपने परिजनों के साथ कल्याणपुर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मुंबई भागने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस ने दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि हुई। आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। बुधवार रात कल्याणपुर पुलिस ने उसे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह मुंबई भागने की फिराक में था।
डीसीपी बोले, आरोप सही मिलने पर हुई गिरफ्तारी
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की विवेचना में आरोपों की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


