ऑपरेशन मुस्कान के तहत कानपुर सेंट्रल से मिलीं आजमगढ़ की दो किशोरियां, परिजनों ने जताया आभार
Kanpur । पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़ने वाली दो किशोरियों को जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिला दिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस कार्रवाई से एक परिवार बिखरने से बच गया और परिजनों ने राहत की सांस ली।
जीआरपी के मुताबिक 14 और 15 वर्षीय दोनों किशोरियां आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान दोनों प्लेटफॉर्म पर अकेली बैठी मिलीं। पुलिसकर्मियों ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि पिता की डांट से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल आई थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने दोनों किशोरियों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित रखा और तत्काल उनके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही उनके भाई और अन्य परिजन कानपुर पहुंचे। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य घर से भटके या लापता बच्चों और किशोरों को सुरक्षित ढूंढ़कर उनके परिवारों तक पहुंचाना है। बेटियों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी तत्परता की सराहना की।


