दो-तीन दिन में शुरू होगी टिकटों की बिक्री, 100 से 500 रुपये तक रहेंगी दरें
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के दूसरे चरण के ग्रीन पार्क में होने वाले 12 मुकाबलों के लिए यूपीसीए ने तीस लाख रुपए जमा करा दिया है। इसके साथ ही यहां इन मुकाबलों के लिए टिकट भी दो-तीन दिन के अंदर मिलना शुरू हो जायेंगी। जिसका मूल्य 100 से लेकर 500 रूपये तक रहेगा।
ग्रीनपार्क में पहला मुकाबला 28 अगस्त को काशी रुद्रास और नोएडा सुपरकिंग्स के बीच होगा। वहीं टूर्नामेंट का फाइनल छह सितम्बर को होगा। शहर में होने वाले 12 में दस मैच दूधिया रोशनी में खेले जायेंगे।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बुधवार को स्टेडियम में चल रही तैयारियों का मुआयना करने के बाद कहा कि हमने चौथे सीजन के यहां होने वाले 12 मैचों का किराया प्रति मैच 2.50 लाख रुपए के हिसाब से 30 लाख खेल विभाग को दे दिया है। उन्होंने बताया कि मैच से पहले शहर में यूपी लीग की ट्रॉफी का टूर भी आयोजित किया जायेगा। जो शहर के विभिन्न स्कूलों में जायेगा जहां सभी टीमों के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा ग्रीन पार्क में होने वाले मैचों की टिकट भी दो-तीन दिन के अंदर मिलना शुरू हो जायेंगी। उन्होंने बताया कि यह टिकट डिस्ट्रिक एप के अलावा शहर में कई आउटलेट से भी मिलेंगी। जिनकी घोषणा जल्द की जायेगी। शहर में क्रिकेट का क्रेज देखते हुए टिकटों की दर काफी कम रखी गयी है।
यह टिकट 100 से लेकर 500 रुपये तक की रहेंगी। डा.कपूर ने बताया कि 28 सितम्बर को होने वाले पहले मैच के लिए स्टेडियम में विशेष आयोजन किये जायेंगे। जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। इससे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलेगा। इसके साथ ही छह सितम्बर को फाइनल मुकाबले में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।


